स्विट्जरलैंड ने आल्प्स पर्वत पर चमकाया तिरंगा, कोरोना वायरस से भारत की लड़ाई को किया सलाम
भारत समेत दुनियाभर के देशों में कोरोना वायरस (Corona virus) का कहर जारी है। हर देश इस वायरस को फैलने से रोकने के लिए बड़े-बड़े कदम उठा रहा है। कोरोना संकट से निपटने के लिए भारत सरकार के फैसले की दुनिया के कई देश तारीफ भी कर चुके हैं। इस बीच स्विस आल्प्स के मैटरहॉर्न पर्वत पर रोशनी की मदद से भारतीय तिरंगे को दर्शाया गया है। इसके जरिए कोरोना महामारी से जीतने की उम्मीद और जज्बे का संदेश दिया गया है।
जाने-माने स्विस लाइट आर्टिस्ट गेरी हॉफस्टेटर ने 14,690 फीट के पहाड़ को तिरंगे के आकार में रोशनी दी है। भारतीय विदेश सेवा अधिकारी गुरलीन कौर ने इसकी तस्वीर अपने ट्विटर हैंडल से शेयर की है। उन्होंने लिखा, 'लगभग 800 मीटर ऊंचाई पर तिरंगा। हिमालय से आल्प्स की दोस्ती। शुक्रिया!'
बता दें कि इस पहाड़ पर बीते 24 मार्च से ही कोरोना महामारी के खिलाफ दुनिया की एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए हर दिन अलग-अलग देशों के झंडों को दर्शाती रोशनी की जा रही है। बुधवार को इस पहाड़ पर स्विटज़रलैंड, संयुक्त राज्य अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम, इटली और स्विस क्षेत्र टिसिनो के झंडों को दर्शाती रोशनी बिखेरी गई थी।
लाइट आर्टिस्ट गेरी हॉफस्टेटर बताते हैं, 'प्रकाश का मतलब आशा और उम्मीद होता है। ऐसे समय में जब दुनिया कोरोना जैसे संकट का सामना कर रही है। उनके जज्बे को सलाम करने के लिए ऐसा किया गया है, ताकि ये संदेश जाए कि पूरी दुनिया इस महामारी के खिलाफ एकजुटता के साथ लड़ रही है और इस लड़ाई में हम कामयाब होंगे।'
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें