गुरुवार, 18 जुलाई 2019

अमेजन के जंगल

अमेज़न वर्षावन (Amazonia)

आपने दुनिया के कई जंगलों के बारे में सुना होगा। कुछ बेहद खूबसूरत होते हैं तो कुछ काफी रहस्यमयी। लेकिन एक ऐसा जंगल भी है जिसे दुनिया में सबसे डरावना बताया जाता है। कहते हैं कि इस जंगल में अगर कोई भटक जाए तो यहां से वापस लौटना नामुमकिन है। इस जंगल पर अब तक कई फिल्में बनाई जा चुकी हैं। मगर फिल्म या तस्वीरों में जंगल का कुछ हिस्सा ही आपको देखने को मिलता है। असलियत में तो यह इतना विशाल है कि यह अकेले ही आठ देश की सीमाओं को छू जाता है।

अमेजन के जंगल को दुनिया का सबसे बड़ा वर्षावन यानी रेनफॉरेस्ट भी कहा जाता है। यह वाकयी अद्भुत है क्योंकि यह घर है असंख्य जीव-जंतुओं और कीट-पतंगों का। इसकी खूबी है, यहां पाए जाने वाले अनोखे पेड़-पौधे। विश्व के कुल वर्षावनों का का लगभग आधा भाग यही है और विश्व के उष्णकटिबंधीय क्षेत्र में पड़ने वाले वनों में यहीं सर्वाधिक जैव विविधता पायी जाती है।

कहते हैं धरती की कुल ऑक्सीजन का 17 प्रतिशत भाग हमें अकेले ही इस जंगल से मिलता है। इसे एमजोनिया या अमेजन वन कहते हैं। दक्षिण अमेरिका के अमेजन बेसिन के एक बड़े भू-भाग पर फैला यह चौड़ी पत्तियों और नमी युक्त वन है। यह बेसिन सत्तर लाख वर्ग किलोमीटर (1.7 अरब एकड़) क्षेत्र पर फैला है जिसमें से 55 (1.4 अरब एकड़) लाख वर्ग किलीमीटर पर वर्षावन खड़े है।

यह क्षेत्र नौ देशों की सीमाओं में पड़ता है। अमेज़न के जंगलों का करीब 60 फ़ीसदी ब्राजील में, 13 फीसदी पेरू में, 10 फ़ीसदी कोलंबिया और बाकी का हिस्सा थोड़ा थोड़ा करके वेनेज्वेला, इक्वेडोर, बोलिविया, गुयाना, सूरीनाम और फ्रेंच गुयाना में हैैं। इस क्षेत्र के कई राज्यों और विभागों का नाम इन वनों के आधार पर एमाज़ोनास पड़ा है। यह दुनिया का सबसे बड़ा वर्षावन है। इसका अस्तित्व करीब 55 मिलियन वर्षों से है। यहां दुनिया की 10 फीसदी से ज्यादा प्रजातियों के जीव-जंतु और 200 से अधिक प्रजातियों के पक्षी पाए जाते हैं।

अमेजन करीब 16 हजार पेड़ों की प्रजातियों और 390 बिलियन पेड़ों का घर है। यहां पर जमीन तक सूर्य की किरणें भी नहीं पहुंच पाती हैं, जिससे वन का अधिकतर धरातल अंधेरे में डूबा रहता है।

अमेजन 400 से ज्यादा आदिम जनजातियों का भी बसेरा है जिनमें से ज्यादातर ऐसी हैं जिनका संबंध बाहरी दुनिया से रहा है। जंगल का संबंध जंगल और जंगल के जीव एक दूसरे का भरण पोषण करते रहे हैं। मानवविज्ञानी टॉम ग्रिफेंथ्स ने जंगल और इंसान के सहजीवन का गहराई से अध्ययन किया है। वो कहते हैं, एक अनुमान के मुताबिक यहां 40 लाख से ज्यादा लोग रहते हैं और आर्कियोलॉजिस्ट बताते हैं कि यह ज़मीन काफी उपजाऊ है जिसे इन जनजातियों ने बहुत अच्छी तरह से अपनी खेती और बागवानी की तकनीकों के जरिए विकसित किया है, यह अमेज़न बेसिन का कम से कम 11 फीसदी हिस्सा है।

दुनिया का सबसे बड़ा वर्षावन

‘अमेजन जंगल’ कितना बड़ा है, इसका अंदाजा आप इसी से लगा सकते हैं कि यह दक्षिणी अमेरिका से लेकर ब्राज़ील तक फैला हुआ है। इसके वर्षावन 2.1 मिलियन वर्ग मील तक फैले पड़े हैं। माना जाता है कि अमेज़न अगर कोई देश होता, तो वह दुनिया का 9वां सबसे बड़ा देश होता। बताते चलें कि इसे दुनिया का सबसे बड़ा वर्षावन कहा जाता है। यहां इतने बड़े और लम्बे पेड़ हैं कि यहां पर धूप की रौशनी तक सही से नहीं पहुंचती। यह ‘पृथ्वी के फेफड़े’ के नाम से भी मशहूर है। यहां दुनिया के 20% प्रतिशत ऑक्सीजन बनने का दावा किया जाता है. यहां पेड़-पौधे, कीड़े, जानवर आदि की ढ़ेरों प्रजातियां पाई जाती हैं।

जानलेवा होते हैं यहां के मच्छर!

अमेज़न में रहना आसान नहीं माना जाता. कहा जाता है कि यहां आपकी हल्की सी चूक खतरनाक हो सकती है। यह जंगल भले ही देखने में बहुत शांत और सुहाना लगे, लेकिन आप यहां बीमार पड़ सकते हैं। यहां पाये जाने वाले मच्छर बहुत घातक होते हैं। कई बार तो इनके काटने से लोग इतने बीमार पड़ जाते हैं कि उन्हें बचाना मुश्किल हो जाता है। मच्छरों की तादाद अमेज़न में इतनी है कि उन्हें भगाने वाली दवाई भी कई बार काम नहीं करती। दरअसल, मच्छर यहां पर अपने साथ मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियां लेकर आते हैं। यहां पर वातावरण में नमी रहती है, इसलिए मच्छर से होने वाली बीमारियों के खतरे बढ़ जाते हैं। गर्मी की वजह से लोग यहां कम से कम कपड़े पहनकर रखते हैं। यह मच्छरों को काटने के आमंत्रण जैसा होता है।

छोटे मगर ज़हरीले कीड़ों का आतंक

आंकड़ों की मानें तो अमेज़न के जंगलों में हजारों कीड़ों और जंतुओं की प्रजाति रहती हैं। सबसे हैरान करने वाली बात तो यह है कि इसके सिर्फ कुछ ही प्रतिशत कीड़ों के बारे में हम जानते हैं। अमेज़न में पाए जाने वाले कीड़े कोई आम कीड़े नहीं होते हैं, जिन्हें आप घर में झाडू से मार के भगा देते हैं। यह छोटे-छोटे से कीड़े बेहद ही खतरनाक होते हैं।

चींटियां तो आपने बहुत देखी होंगी, लेकिन यहां की बुलेट एन्ट जैसे खतरनाक चींटी नहीं देखी होगी। यह देखने में छोटी होती है, लेकिन इनका डंक जहर से कम खतरनाक नहीं होता। इसका काटना किसी गोली लगने जैसा होता है। शायद इसलिए ही इसको बुलेट एन्ट कहा जाता है। यहां लोग भूल से भी इनके पास जाने की कोशिश नहीं करते।

यहां 3000 से ज्यादा मकड़ी की प्रजातियां मिलती हैं, जिनमें से ज्यादातर तो जहरीली होती हैं. टारान्टुला मकड़ी यहां की सबसे बेरहम मकड़ी मानी जाती है. कहते हैं कि जब यह मकड़ी काटती है, तो काफी मात्रा में ज़हर छोड़ती है. अगर शिकार हुए व्यक्ति की किस्मत अच्छी होती है तो वह बच जाता है, वरना फिर भगवान ही मालिक होता है. इतना ही नहीं यह अपने शरीर से अपने बालों को तीर की तरह भी छोड़ सकती है. यह अगर आंख में चले जाए तो कांच की तरह उसे फाेड़ देता है.

अमेज़न में चीटियों और मकड़ियों के अलावा लगभग 100 प्रकार के ज़हरीले मेंढक भी पाए जाते हैं. चटक रंग की खाल वाले यह छोटे से मेंढक देखने में बहुत प्यारे लगते हैं, लेकिन उनके अंदर दस लोगों को मरने लायक जहर होता है. यह मेंढक अमेज़न में आमतौर पर दिखाई दे जाते हैं. इनके बारे में जानने वाले हमेशा इनसे दूरी बनाकर ही रखते हैं.

खतरनाक जीवों का घर है ‘अमेज़न’

हॉलीवुड की फिल्म एनाकोंडा तो अधिकतर लोगों ने देखी ही होगी. उसमें दिखाया गया है कि कैसे अमेज़न के जंगलों में बड़े-बड़े सांप घुमा करते हैं. फिल्म में तो एनाकोंडा को 100 फुट से भी बड़ा दिखाया है, लेकिन असल में यह इतने लम्बे नहीं होते. हां, लेकिन यह बात जरुर सही है कि इनकी चंगुल में अगर आप एक बार फंस गए तो बचना मुश्किल हो जाता है. यह एनाकोंडा अपने शिकार को अपनी गिरफ्त में लेकर धीरे-धीरे मार डालते हैं.

यहां आपको कई नदियां भी देखने को मिल जायेंगी. इनको जंगल की ही तरह खतरनाक माना जाता है. इसके पीछे वाजिब कारण भी है. असल में इन नदियों में तरह-तरह के जहरीले सांप, मछलियों और मगरमच्छों का आवास होता है. इसके अलावा यहां ‘खूनी जैगुआर’ भी रहता है. यह एक प्रकार से तेंदुए की प्रजाति का जानवर होता है, लेकिन अगर यह भड़क जाए तो अमेज़न का शेर बन जाता है. वह बात और है कि यह जल्दी इंसानों पर हमला नहीं करता.

मौसम की मार से बचना है जरूरी

अमेज़न जंगल में जाने से पहले मौसम का भी ख्याल रखना जरुरी हो जाता है. बारिश का मौसम यहां के लिए बहुत ही घातक साबित हो सकता है. यहां पर कब बारिश हो जाए किसी को पता नहीं होता. बारिश थोड़ी हो तो सही रहता है, लेकिन यहां उम्मीद से ज्यादा बारिश अक्सर मुसीबत का सबब बन जाती है. ज्यादा बारिश से यहां पर कभी भी बाढ़ आने का खतरा बना रहता है. सभी रास्ते बंद हो जाते हैं. इसका मतलब है कि अगर भारी बारिश के बीच कोई फंस गया, तो शायद ही उसे समय पर मदद मिल सके

यही कारण है कि अमेज़न को दुनिया के सबसे खूबसूरत जंगल होने के साथ-साथ सबसे खतरनाक जंगल के रुप में कुख्यात है. पर इसमें दो राय नहीं कि अगर यहां पूरी तैयारी और जरुरी सावधानी के साथ जाया जाये तो यहां से खूबसूरत जगह रोमांच के लिए कोई और नहीं हो सकती. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें