पांच दिवसीय बस्ती महोत्सव में कथक से लेकर लेजर शो की धूम रहेगी। पहली बार 28 जनवरी से ‘कला, संस्कृति का उत्सव एवं संगम’ की थीम पर समर्पित पांच दिवसीय बस्ती महोत्सव के ‘लोगो’ और ‘पोस्टर’ का अनावरण गुरुवार को कमिश्नर अनिल कुमार सागर, आईजी आशुतोष कुमार व डीएम डा. राजशेखर ने जारी किया। शहर से लेकर गांव तक लगने वाले पोस्टर व कार्यक्रम की रूपरेखा की शीट जारी हुई। आयुक्त सभागार में हुई प्रेसवार्ता के दौरान डीएम ने कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डाला। महोत्सव के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने की संभावना है।
डीएम डा. राजशेखर ने बताया कि बस्ती महोत्सव के आयोजन समिति का गठन हो चुका है। पंजीकरण कराने के बाद समिति का खाता भी खुल गया है। आयुक्त अनिल कुमार सागर इस समिति के संरक्षक, आईजी आशुतोष कुमार सह संरक्षक, डीएम अध्यक्ष, डीआईजी/एसपी वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सीडीओ उपाध्यक्ष व एडीएम सचिव हैं।
आयुक्त अनिल कुमार सागर ने कहा कि ऐसे आयोजन से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलता है। आईजी आशुतोष कुमार ने कहा कि सांस्कृतिक एकता का बढ़ावा मिलता है। डीआईजी दिलीप कुमार ने कहा कि महोत्सव की सुरक्षा के लिए पुलिस की तरफ से हर संभव उपाय किए जा रहे हैं।
पं. जयकिशन महराज का कथक व कल्पना के भोजपुरी गीत की रहेगी धूम
डीएम ने बताया कि कार्यक्रम में पंडित जयकिशन महराज के कथक नृत्य से बस्ती के दर्शक रूबरू होंगे। भोजपुरी गायिका कल्पना पटवारी के गीतों का लाइव शो देखने का मौका मिलेगा तो लेजर शो के माध्यम से बस्ती के इतिहास को जानने व सुनने का मिलेगा। एक्रो ट्रायो ग्रुप की प्रस्तुति बस्तीवासियों के लिए नया होगा। भजन गायन के साथ राष्ट्रपिता के जीवन पर आधारित सैंड आर्ट और नृत्यनाटिका का भी मंचन होगा। खानपान के लिए लजीज व्यंजनों का स्टॉल लुभाएगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें