शनिवार, 4 अप्रैल 2020

अचरज से भरी अद्भुत जगहें

अचरज से भरी अद्भुत जगहें

दुनियाभर में ऐसी कई जगहें हैं, जो रहस्य और रोमांच से भरपूर हैं। जब तुम उन खास जगहों के बारे में जानोगे, तो हैरान हो जाओगे। पृथ्वी पर मौजूद ये जगहें लोगों को खासा आकर्षित भी करती हैं, जैसे आबू धाबी का रेतीला समंदर। यह रेतीला क्षेत्र सऊदी अरब से लेकर यमन, ओमान और संयुक्त अरब अमीरात तक फैला हुआ है। इसलिए इसे रेतीला समंदर भी कहा जाता है। इसे देखकर भी लोग आश्चर्य करते हैं कि आखिर ये बना कैसे होगा? 

इसी तरह यूएसए का रूबी फॉल्स भी लोगों को हैरान करता है। 145 फुट ऊंचे इस वॉटरफॉल की सबसे बड़ी खासियत यह है कि ये अंडरग्राउंड है यानी यह गुफा में मौजूद है। ऊपर से गिरता पानी यहां बारिश का आभास कराता है, लेकिन जब इस पर रोशनी पड़ती है, तो इसका रंग बदलता हुआ नजर आता है। इसी खासियत को देखने के लिए हर साल करीब 400,000 लोग यहां आते हैं।

सफेद संगमरमर का खूबसूरत मंदिर

दुनिया के सबसे बड़े जैन मंदिरों में से एक है राजस्थान का रनकपुर मंदिर, जो संगमरमर से बना है। यह  राजस्थान के उदयपुर जिले में स्थित है। यह मंदिर जैन धर्म के पहले तीर्थंकर भगवान आदिनाथ को समर्पित है। यह मंदिर 1000 से अधिक नक्काशीदार खंबों पर टिका है और ये सभी सफेद संगमरमर से बने हैं, जो कि देखने में बेहद खूबसूरत नजर आते हैं। मंदिर में एक हाथी और 108 सांपों की मूर्तियां भी हैं। खास बात यह कि सभी मूर्तियां संगमरमर के एक पत्थर से तराशी गई हैं।

जॉर्डन का डेड सी

तुम सभी ने डेड सी यानी मृत सागर के बारे में जरूर सुना होगा। इस समुद्र की खासियत यह है कि तुम बिना हाथ-पांव चलाए भी इसमें तैर सकते हो। इस समुद्र के खारे पानी का भार इतना ज्यादा होता है कि तुम इस पानी में सीधे लेट भी जाओ तो डूब नहीं सकते और बिना डर के तुम आसानी से तैर सकते हो। चूंकि अन्य समुद्रों के मुकाबले इसमें नमक की मात्रा काफी अधिक है। पानी में नमक ज्यादा होने की वजह से यहां पानी में उछाल काफी रहता है, जिस वजह से कोई डूबता नहीं है।  हालांकि नमक की वजह से इस समुद्र में मछली या दूसरे जलीय जीव जीवित नहीं रह पाते। इसलिए इसको डेड सी कहा जाता है। यह समुद्र जॉर्डन और इजराइल के बीच स्थित है।  

कैनो क्रिस्टेल्स, कोलंबिया

क्या किसी ऐसी नदी के बारे में सुना है, जो मौसम के हिसाब से अपना रंग बदलती रहती है? जी हां, ऐसी एक नदी कोलंबिया में बहती है, जिसका नाम है कैनो क्रिस्टेल्स। लगभग 62 मील लंबी यह नदी बदलते मौसम के साथ अपना रंग बदलती है। किसी खास महीने में इसका रंग लाल होता है, तो कभी नीला या गुलाबी, इसलिए इसे कुछ लोग ‘लिक्विड रेनबो’ भी कहते हैं। असल में यह कमाल है मैकारेनिया क्लेवीगेरा नाम के एक पौधे का, जिसे एक खास मौसम में निश्चित जल-सीमा और निश्चित मात्रा में सूरज की रोशनी मिले, तो यह रंग बदलता है। अमूमन इस नदी का रंग हल्का या गहरा गुलाबी और हल्का या गहरा लाल होता है, मगर कभी-कभी इसका रंग नीला, पीला, नारंगी और हरा भी हो जाता है। अपनी इसी खासियत की वजह से यह लोगों के पसंदीदा पर्यटक स्थलों में से एक है। 

यूक्रेन का टनल ऑफ लव

हरियाली से भरपूर इस टनल (सुरंग) को देखो। इसकी डिजाइन इतनी आकर्षक है कि लोग यहां सिर्फ फोटो खिंचवाने जाते हैं। यह खूबसूरत टनल यूक्रेन के क्लेवन में स्थित है, जिसे ‘टनल ऑफ लव’ के नाम से जाना जाता है। इसके बारे में कहा जाता है कि शीत युद्ध के दौरान सैन्य अड्डों को छुपाने के लिए ट्रेन की पटरियों के आसपास पेड़ लगाए गए थे, ताकि किसी को पता न चले कि यहां से कोई ट्रेन गुजरती है। धीरे-धीरे ये पेड़ इतने घने हो गए कि यह लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र ही बन गया। 

इतना बड़ा हाथ!

इस विशालकाय हाथ को देखो। ऐसा लग रहा है मानो किसी अन्य ग्रह के किसी प्राणी का हाथ हो, जो हमें डराने की कोशिश कर रहा हो। पर हैरान होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि यह हाथ किसी एलियन का नहीं, बल्कि इनसान की बनाई कलाकृति है। जानते हो यह हाथ कहां है? यह कलाकृति चिली शहर के एंटोफगास्टा से 46 मील दूर रेगिस्तान में मौजूद है, जिसका नाम है अटाकामा डेजर्ट। कई सौ किलोमीटर में फैली रेत के बीच में अकेले खड़ा यह हाथ सबको हैरान इसलिए करता है, क्योंकि मीलों दूर तक वहां हाथ के अलावा कुछ नजर नहीं आता। हर ओर कंकड़, पत्थर और रेत के पहाड़ ही नजर आते हैं। इस हाथ को चिली के प्रसिद्ध मूर्तिकार मारियो ने बनाया है। उरुग्वे में भी एक ऐसा ही हाथ बनाया गया है, जहां हाथ की उंगलियां और अंगूठा निकला हुआ दिखाया गया है। 

चीन का तिजांजी माउंटेन

पिलर की तरह खड़े इन पहाड़ों को देखना भी तुम्हारे लिए रोचक हो सकता है। रोचक इसलिए, क्योंकि इस पूरे इलाके में सिर्फ  मार्बल की ऊंची-ऊंची कई पहाड़ियां हैं, जिनमें सबसे ऊंची चोटी की ऊंचाई समुद्र तल से 1262 मीटर है। इतनी ऊंचाई कि वहां से गहरी खाइयां नजर आती हैं। यहां का मौसम भी पल-पल बदलता रहता है। इसे देखने के लिए केबल कार की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पहाड़ियों के सहारे संकरे रास्ते भी बनाए गए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें