इंडोनेशिया में बने खूबसूरत हिन्दू मंदिर
जनसंख्या के लिहाज से इंडोनेशिया विश्व का सबसे बड़ा मुस्लिम देश है। आज विश्व की 12.7 प्रतिशत मुस्लिम अबादी इंडोनेशिया में रहती है। आज इंडोनेशिया भले ही एक मुस्लिम राष्ट्र हो पर कभी यहां हिंदू धर्मावलंबियों का बोलबाला था।
विश्व में एकमात्र इंडोनेशिया ऐसा देश है जहां भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म का प्रभाव दुनिया के किसी भी अन्य देश से सबसे अधिक देखने के लिए मिलता है। यहां हिंदू परंपराओं को काफी महत्व दिया जाता है। तभी यहां 20 हजार की करंसी में भी आपको गणेशजी की फोटो के दर्शन होते हैं। इसके साथ ही यहां कई भव्य व आकर्षक हिंदू देवी-देवताओं के मंदिर भी हैं। जिनकी गिनती दुनिया के प्राचीनतम, सुंदर व श्रेष्ठ मंदिरों में होती है।
पुरा तमन सरस्वती मंदिर, बाली (Pura Taman Saraswati Temple, Bali)
बाली इंडोनेशिया का एक द्वीप प्रांत है जो कि जावा के पूर्व में स्थित है। बाली के उबुद में स्थित पुरा तमन सरस्वती मंदिर इंडोनेशिया का सबसे सुंदर और पवित्र मंदिर माना जाता है। इस मंदिर में वैसे तो कई देवी देवताओं की मूर्तियां हैं लेकिन मुख्यतः यह देवी सरस्वती के लिए जाना जाता है। देवी सरस्वती को हिन्दू धर्म के अनुसार, विद्या, ज्ञान और संगीत की देवी कहा जाता है। पुरा तमन सरस्वती मंदिर के पास एक सुंदर कुंड भी बना है, जो इस मंदिर की सुंदरता को चार चाँद लगाता है। कुंड में कमल पुष्प की शोभा अद्भुत अहसास दिलाती है। पुरा तमन सरस्वती मंदिर में हर रोज संगीत कार्यक्रम होते रहते हैं। इस मंदिर में लोगों की अच्छी-खासी भीड़ लगी रहती है।
पुरा बेसकिह मंदिर, बाली (Pura Besakih Temple, Bali)
पुरा बेसकिह मंदिर, बाली द्वीप के अगुंग पर्वत में स्थित यह मंदिर इंडोनेशिया के सबसे खूबसूरत मंदिरों में से एक है। कई देवी-देवताओं की मूर्तियों वाला यह मंदिर बाली मंदिर श्रृंखल में शामिल सबसे बड़ा और पवित्र मंदिर हैै। यहां ऐसा जान पड़ता है जैसे प्रकृति स्वयं पुरा बेसकिह मंदिर का अभिषेक कर रही है। खास बात है कि बाली के इस सबसे बड़े व पवित्र मंदिर को साल 1995 में यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर का सम्मान भी प्राप्त हो चुका है। इस मंदिर में कई देवी-देवताओं की प्रतिमाएं स्थापित हैं, जिन्हें देखने के लिए दुनियाभर से श्रद्धालु व पर्यटक आते हैं।
तनह लोट मंदिर, बाली (Tanah Lot Temple, Bali)
तनह लोट मंदिर बाली द्वीप में स्थित भगवान विष्णु का प्रसिद्ध मंदिर है। यह मंदिर आस-पास फैली प्राकृतिक छटा की वजह से देखने में काफी सुंदर लगता है। बताया जाता है कि इसका निर्माण 16वीं शताब्दी में करवाया गया है। अपनी अलौकिक सुंदरता के कारण यह मंदिर इंडोनेशिया के प्रमुख दर्शनीय स्थलों की सूची में सबसे ऊपर आता है। इसके साथ ही यह स्थानीय हिंदुओं की आस्था का भी प्रमुख केंद्र है। तनह लोट मंदिर एक विशाल समुद्री चट्टान पर बना हुआ खूबसूरत मंदिर है।
प्रम्बानन मंदिर, जावा (Prambanan Temple, Java)
प्रम्बानन मंदिर, इंडोनेशिया के जावा द्वीप का सबसे प्रसिद्ध हिन्दू मंदिर है। यह मंदिर में भगवान शिव, भगवान विष्णु और भगवान ब्रह्मा की प्रतिमाएं रखी हुई है। इंडोनेशिया के जावा द्वीप के मध्य में स्थित प्रम्बानन मंदिर इंडोनेशिया का सबसे सुंदर और विशाल हिंदू मंदिर है। प्रम्बानन मंदिर में त्रिदेवों के दर्शन के लिए दुनिया भर से पर्यटक यहां आते हैं। खास बात है कि यहां स्थापित त्रिदेवों के साथ ही उनके वाहनों के लिए भी अलग से मंदिर बनाकर, उनकी पूजा-अर्चना की जाती है। इस मंदिर को भी यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर घोषित किया जा चुका है।
सिंघसरी शिव मंदिर, जावा (Singhasari Shiva Temple, Java)
सिंघसरी शिव मंदिर को 13वीं शताब्दी में पूर्वी जावा के सिंगोसरी में बनाया गया है। सिंघसरी शिव मंदिर भगवान शिव को समर्पित है। यह सिंघसरी शिव मंदिर अपनी भव्यता के लिए पूरी दुनिया में लोकप्रिय है। सिंघसरी शिव मंदिर में भगवान शिव की एक विशाल प्रतिमा बनाई गई है। इसी कारण यहाँ हर रोज बड़ी सख्या में लोगों का आना जाना लगा रहता है। इस मंदिर की खास बात है कि भगवान शिव को समर्पित त्योहार यहां बड़ी धूमधाम से मनाए जाते हैं। उस समय यहां का अद्भुत दृश्य शब्दों में बयां करना असंभव है।
ऐसा भी एक मंदिर
सदियों पुराने एक हिंदू मंदिर की खोज में सालों पुराना शिवलिंग मिला है। बताया जाता है कि यह मंदिर जावा द्वीप पर स्थित है। इस शिवलिंग की खासियत है कि यह स्फटिक से बना है, जिसके अंदर कोई तरल द्रव्य भी मौजूद है। हैरानी की बात है कि सदियों से यह पदार्थ ऐसा ही है, सूखा नहीं है। स्थानीय लोग इस तरल पदार्थ को अमृत मानते हैं। हालांकि वैज्ञानिक इस बात की पुष्टि नहीं करते है, इस पर शोध चल रहा है कि यह पदार्थ है क्या?
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें